कबीरधाम में सूखे नशे पर पुलिस की बड़ी चोट! 9 किलो से ज्यादा गांजा जब्त, सप्लायर सहित दो तस्कर गिरफ्तार

0
669529057_1366232838864095_4193786355460586947_n

कबीरधाम। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर लगातार शिकंजा कस रही कबीरधाम पुलिस को सूखे नशे के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 9 किलो से अधिक गांजा जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी आशीष शुक्ला के नेतृत्व में थाना कोतवाली टीम ने यह कार्रवाई की।

मुखबिर सूचना पर दबिश, आरोपी गिरफ्तार

पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम भागुटोला क्षेत्र में अवैध गांजा की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान आरोपी त्रिलोचन सिंह राजपूत (49 वर्ष) के कब्जे से कुल 09 किलो 308 ग्राम गांजा बरामद किया गया।

जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

पूछताछ में सामने आया सप्लायर

पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी ने बताया कि उसे गांजा चित्रकांत साहू नामक व्यक्ति द्वारा सप्लाई किया गया था। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सप्लायर चित्रकांत साहू को भी हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।

दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 148/2026 के तहत NDPS एक्ट की धारा 20(ख) एवं 29 के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

नशे के कारोबार पर लगातार कार्रवाई

कबीरधाम पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नशे के धंधे से जुड़े लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि नशे से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में सामूहिक प्रयास किए जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों