टूटते परिवारों को जोड़ने की अनोखी पहल! सारंगढ़-बिलाईगढ़ में ‘एकत्व परिवार परामर्श केंद्र’ का शुभारंभ

0
a14.1

सारंगढ़-बिलाईगढ़। बढ़ते पारिवारिक विवादों और रिश्तों में आ रहे तनाव को कम करने के उद्देश्य से सारंगढ़-बिलाईगढ़ पुलिस ने एक सराहनीय पहल करते हुए “एकत्व – परिवार परामर्श केंद्र” की शुरुआत की है। यह केंद्र परिवारों को टूटने से बचाने और आपसी संवाद के जरिए समाधान निकालने के लिए स्थापित किया गया है।

कोतवाली थाना परिसर में बने नए भवन का उद्घाटन जिला कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे तथा पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

परिवारों को जोड़ने की विशेष पहल

जिले में लगातार बढ़ रहे पारिवारिक मनमुटाव, वैचारिक मतभेद और घरेलू तनाव को देखते हुए इस परामर्श केंद्र की स्थापना की गई है। यहां अनुभवी काउंसलर्स द्वारा परिवारों को भावनात्मक सहयोग, मार्गदर्शन और समझाइश देकर रिश्तों में सुधार लाने का प्रयास किया जाएगा।

पहले जहां केंद्र में 3 काउंसलर कार्यरत थे, वहीं अब मामलों के त्वरित समाधान के लिए 6 नए काउंसलर नियुक्त किए गए हैं, जिससे पीड़ित परिवारों को जल्द सहायता मिल सके।

सकारात्मक परिणाम आने लगे सामने

उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार अब तक दर्ज 55 मामलों में से 30 मामलों में काउंसलिंग पूरी की जा चुकी है, जिनमें 28 परिवारों के बीच समझौता कर सफल निराकरण किया गया। वहीं 2 मामलों में आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए हैं। शेष मामलों में भी काउंसलिंग प्रक्रिया जारी है।

तनाव से समाधान की ओर पहल

कार्यक्रम के दौरान जिला कलेक्टर ने केंद्र का अवलोकन करते हुए कहा कि बदलती सामाजिक परिस्थितियों में ऐसे परामर्श केंद्र अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने लोगों से न्यायालयीन विवादों में उलझने के बजाय संवाद और परामर्श के माध्यम से समाधान निकालने की अपील की।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि “एकत्व” का उद्देश्य परिवारों में सौहार्द, विश्वास और एकता बनाए रखना है, ताकि समाज में सकारात्मक वातावरण स्थापित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों