पुसौर में रायगढ़ पुलिस की बड़ी चौपाल: साइबर सुरक्षा, नशा मुक्ति और महिला सुरक्षा पर दिया सख्त संदेश
रायगढ़। जिले के पुसौर थाना परिसर में रायगढ़ पुलिस द्वारा व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा, नशा मुक्ति, महिला सुरक्षा एवं सुदृढ़ बीट सिस्टम के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। यह कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह की पहल पर आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य पुलिसिंग को सीधे गांव-गांव और चौपाल तक पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम में एसएसपी शशि मोहन सिंह, उप पुलिस अधीक्षक उन्नति ठाकुर, प्रशिक्षु डीएसपी अजय नागवंशी, थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस, साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक, पुलिस स्टाफ, जनप्रतिनिधि, कोटवार एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
नगर पंचायत अध्यक्ष मानी मोहित सतपथी सहित वार्ड पार्षदों, सरपंचों एवं गणमान्य नागरिकों की सहभागिता ने कार्यक्रम को जनभागीदारी का स्वरूप प्रदान किया।

📢 साइबर सुरक्षा पर विशेष फोकस
कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराधों से बचाव के लिए एलईडी स्क्रीन पर जागरूकता फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। नागरिकों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी शेयरिंग और डिजिटल फ्रॉड से बचने के उपाय बताए गए।
🚫 नशा और अपराध के खिलाफ चेतावनी
रायगढ़ पुलिस ने नशा तस्करी, साइबर अपराध एवं महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों पर सख्त कार्रवाई का संदेश देते हुए समाज से सक्रिय सहयोग की अपील की।

🤝 मजबूत हो रहा बीट सिस्टम
बीट सिस्टम को मजबूत बनाकर पुलिस-जन संवाद बढ़ाने पर जोर दिया गया, जिससे स्थानीय स्तर पर समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो सके और लोगों का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हो।
👴 वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों पर संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि “अब कानून न्याय आधारित है” और वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान व सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए समाज में उनके अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच विश्वास, सहयोग और सहभागिता को बढ़ाना रहा, जिसके माध्यम से गांव-गांव जागरूकता अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा।
