कोण्डागांव पुलिस की बड़ी पहल: लाखों रुपये के गुम मोबाइल लौटाए, 1800 से ज्यादा फोन असली मालिकों तक पहुंचे
कोण्डागांव। जिले में गुम मोबाइल फोन तलाशने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोण्डागांव पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए लाखों रुपये कीमत के मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए। पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल के निर्देश पर साइबर सेल द्वारा चलाए जा रहे “फाइंड मोबाइल अभियान” के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है।
जिले के विभिन्न थाना एवं चौकियों में लगातार गुम मोबाइल संबंधी आवेदन प्राप्त हो रहे थे। जिस पर पुलिस अधीक्षक ने नियमित कार्यों के साथ-साथ गुम मोबाइल खोजने की विशेष जिम्मेदारी साइबर सेल टीम को सौंपी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा एवं उप पुलिस अधीक्षक (साइबर सेल) नरेन्द्र पुजारी के मार्गदर्शन में साइबर टीम ने हाल के दिनों में कार्रवाई करते हुए 22 गुम मोबाइल बरामद किए, जिनकी वर्तमान बाजार कीमत लगभग 3 लाख रुपये आंकी गई है।

बरामद मोबाइल फोन छत्तीसगढ़ सहित सीमावर्ती राज्यों के विभिन्न जिलों से ट्रेस किए गए। इनमें iPhone, OnePlus, Samsung, Vivo, Redmi जैसे महंगे स्मार्टफोन शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इन मोबाइल फोन को विधिवत उनके मालिकों को सौंपा गया। मोबाइल वापस पाकर कई लोगों ने खुशी जताते हुए कहा कि उन्हें अपने फोन मिलने की उम्मीद लगभग खत्म हो चुकी थी। उन्होंने कोण्डागांव पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।
कोण्डागांव साइबर सेल द्वारा अब तक 1800 से अधिक गुम मोबाइल खोजकर उनके असली मालिकों तक पहुंचाए जा चुके हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल ने आम नागरिकों से अपील की कि यदि किसी को दूसरों का मोबाइल मिले तो उसे निकटतम पुलिस थाने में जमा करें और बिना बिल के मोबाइल खरीदने से बचें। साथ ही साइबर अपराध होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 एवं साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी।
