कोरबा में खुला नया महिला थाना: महिलाओं को मिलेगा सुरक्षित और संवेदनशील न्याय मंच
कोरबा। जिले में महिलाओं की सुरक्षा और न्याय व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नवीन महिला थाना का विधिवत उद्घाटन किया गया। यह थाना महिलाओं से जुड़े मामलों की सुनवाई को अधिक संवेदनशील, त्वरित एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से स्थापित किया गया है।
उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री लखन लाल देवांगन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर सहित जिले के अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
इस अवसर पर कलेक्टर कुणाल दुदावत एवं पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष महत्व प्रदान किया।
👩⚖️ महिलाओं को मिलेगा समर्पित सुरक्षा मंच
नवीन महिला थाना शुरू होने से अब महिला संबंधित अपराधों की सुनवाई अधिक संवेदनशील वातावरण में की जा सकेगी। पीड़ित महिलाओं को सुरक्षित, भरोसेमंद और सहयोगात्मक माहौल उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे बिना संकोच अपनी समस्याएं दर्ज करा सकें।
⚖️ त्वरित कार्रवाई और प्रभावी रोकथाम पर जोर
महिला थाना महिला अपराधों की रोकथाम, त्वरित जांच और न्यायिक प्रक्रिया को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा। यह पहल महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के साथ समाज में सुरक्षा भावना को भी सुदृढ़ करेगी।
🔥 फायर सेफ्टी वीक के तहत जागरूकता अभियान
उद्घाटन समारोह के दौरान मंत्री लखन लाल देवांगन द्वारा कोरबा पुलिस द्वारा तैयार अग्नि सुरक्षा जागरूकता पोस्टर एवं पंपलेट का विमोचन भी किया गया। इसका उद्देश्य आम नागरिकों को आग से सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि द्वारा महिला थाना परिसर में रोजनामचा एंट्री कर नवीन थाना प्रभारी को शुभकामनाएं दी गईं और सफल कार्यकाल की कामना की गई।




