रतलाम पुलिस की अनोखी पहल: वरिष्ठ नागरिक शिकायत निवारण शिविर में 17 शिकायतें सुनी गईं, 6 मामलों में तुरंत FIR दर्ज

0
m1.8.4

रतलाम पुलिस द्वारा वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष शिकायत निवारण अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में दिनांक 27 अप्रैल 2026 को नवीन पुलिस कंट्रोल रूम रतलाम में वरिष्ठ नागरिक शिकायत राहत शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं पुलिस अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कीं। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार ने स्वयं उपस्थित रहकर वरिष्ठ नागरिकों से संवाद किया और उनकी शिकायतों को गंभीरता से सुना। प्रत्येक मामले की संवेदनशीलता के साथ जांच कर संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए गए।

शिविर के दौरान कुल 17 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें पारिवारिक विवाद, संपत्ति संबंधी मुद्दे तथा देखभाल से जुड़े मामले प्रमुख रहे। इनमें से 6 गंभीर मामलों में तत्काल जीरो एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए गए और आगे की कार्रवाई हेतु संबंधित थाना क्षेत्रों — पिपलौदा, जावरा, डीडी नगर, ताल एवं आलोट — को प्रेषित किया गया। वहीं 4 शिकायतों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष मामलों में जांच एवं निराकरण की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।

एक विशेष प्रकरण में, जहां वृद्ध व्यक्ति शिविर तक नहीं पहुंच सके, वहां प्रशिक्षु आईपीएस वैभव प्रिय स्वयं उनके निवास पहुंचे, समस्या सुनी, परिवारजनों से चर्चा की और मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया।

रतलाम पुलिस की इस पहल के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे पुलिस के समक्ष रखने का सुलभ मंच मिल रहा है। यह अभियान न केवल बुजुर्गों को राहत प्रदान कर रहा है बल्कि समाज में उनके प्रति सुरक्षा और सम्मान की भावना को भी मजबूत बना रहा है।

कार्यक्रम में रिजर्व इंस्पेक्टर मोहन भारावत, निरीक्षक शंकर सिंह चौहान, निरीक्षक पार्वती गौड़, उप निरीक्षक वी.डी. जोशी सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों