दुर्ग पुलिस की पहल: ब्रेस्ट कैंसर डिटेक्शन शिविर में 102 पुलिस परिवार सदस्यों की जांच, 5 महिलाओं में शुरुआती लक्षण मिले
दुर्ग पुलिस द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए ब्रेस्ट कैंसर डिटेक्शन शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर धन्वंतरी जन कल्याण समिति रायपुर के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें पुलिस परिवार के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

शिविर के दौरान कुल 102 पुलिस परिवार सदस्यों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने महिलाओं को ब्रेस्ट कैंसर के प्रति जागरूक करते हुए प्रारंभिक जांच, बचाव उपायों तथा समय पर उपचार के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
जांच के दौरान 05 महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर से जुड़े शुरुआती लक्षण चिन्हित किए गए, जिन्हें आगे की चिकित्सा जांच एवं उपचार के लिए आवश्यक परामर्श और मार्गदर्शन प्रदान किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना और गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान सुनिश्चित करना रहा।
दुर्ग पुलिस की इस पहल को पुलिस परिवारों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय प्रयास माना जा रहा है।
