बीजापुर पुलिस का जनसंवाद अभियान: “मनवा पुलिस मनवा नाटे” कार्यक्रम में ग्रामीणों को दी सुरक्षा और साइबर जागरूकता की जानकारी
बीजापुर पुलिस द्वारा समुदाय आधारित पुलिसिंग को मजबूत करने के उद्देश्य से “मनवा पुलिस मनवा नाटे” अभियान के तहत जन-संवाद एवं चलित थाना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम थाना कुटरू क्षेत्र के ग्राम चिंगेर में आयोजित किया गया, जहां पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित किया।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को सुरक्षा संबंधी उपायों, साइबर अपराधों से बचाव, यातायात नियमों के पालन तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी, संदिग्ध कॉल और फर्जी लिंक से सतर्क रहने की सलाह देते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पुलिस को सूचना देने का आग्रह किया।

चलित थाना पहल के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याएं मौके पर ही सुनी गईं तथा उनके त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया गया। इस जनसंवाद कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस और आमजन के बीच विश्वास बढ़ाना तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा और जागरूकता को मजबूत करना रहा।

बीजापुर पुलिस की यह पहल सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने और पुलिस-जन संवाद को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
