सराफा व्यापारी चोरी कांड का खुलासा: 52 लाख से अधिक का माल बरामद, DGP कैलाश मकवाना ने टीम को किया पुरस्कृत
मध्यप्रदेश पुलिस को संपत्ति संबंधी अपराध में बड़ी सफलता मिली है। मंडला जिले के पिंडरई बाजार स्थित सराफा व्यापारी के यहां हुई बड़ी चोरी की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने सोने-चांदी के आभूषण, नगदी एवं वाहन सहित 52 लाख रुपये से अधिक की मशरूका बरामद की है।

मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें 3 वयस्क आरोपी तथा 2 विधि विरुद्ध बालक शामिल हैं। पुलिस द्वारा की गई तेज जांच, तकनीकी विश्लेषण और लगातार दबिश के परिणामस्वरूप चोरी गया पूरा माल बरामद कर लिया गया।
पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने इस सफलता पर कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस संपत्ति संबंधी अपराधों पर सख्त और त्वरित कार्रवाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
DGP ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि जनभागीदारी के माध्यम से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
