धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 55 किलो गांजा सहित 3 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार, ₹33.5 लाख की जब्ती
प्रदेश में सूखे नशे के नेटवर्क को खत्म करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी पर कार्रवाई करते हुए महाराष्ट्र के तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मिली सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में आरोपियों को ओडिशा से महाराष्ट्र की ओर गांजा ले जाते समय पकड़ा गया। जांच के दौरान आरोपियों के कब्जे से 55 किलो गांजा, एक डस्टर कार तथा 04 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब ₹33.5 लाख आंकी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रदेश में सक्रिय ड्रग्स नेटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में धमतरी पुलिस ने यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी धमतरी पुलिस ने सांकरा चेक पोस्ट पर कार्रवाई करते हुए करीब 127 किलो गांजा जब्त कर नशा तस्करों के खिलाफ सख्त संदेश दिया था।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश की जा रही है।
