सिंहस्थ-2028 की तैयारी तेज: समन्वित रणनीति से सुरक्षित और सुव्यवस्थित महाआयोजन की रूपरेखा तैयार
सिंहस्थ-2028 की तैयारी तेज: समन्वित रणनीति से सुरक्षित और सुव्यवस्थित महाआयोजन की रूपरेखा तैयार
भोपाल। आगामी सिंहस्थ-2028 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और तकनीक आधारित महाआयोजन बनाने की दिशा में मध्यप्रदेश पुलिस ने तैयारी तेज कर दी है। राजधानी भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में रेलवे, पुलिस, जीआरपी, आरपीएफ तथा प्रशासनिक विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान उत्तर प्रदेश के डीजी (रेल) प्रकाश डी. एवं डीजी आरपीएफ सोनाली मिश्रा भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
बैठक में डीजीपी ने कहा कि सिंहस्थ-2028 में संभावित विशाल श्रद्धालु भीड़ को देखते हुए अभी से चरणबद्ध, तकनीक-आधारित और बहु-एजेंसी समन्वित योजना तैयार करना आवश्यक है। उन्होंने ICCC, संयुक्त कंट्रोल रूम, अलग-अलग एंट्री-एग्जिट सिस्टम, प्लेटफॉर्म मैनेजमेंट, सुदृढ़ इंटेलिजेंस नेटवर्क और CCTV आधारित निगरानी व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने प्रयागराज महाकुंभ के अनुभवों का अध्ययन करते हुए AI आधारित क्राउड मॉनिटरिंग, होल्डिंग एरिया निर्माण, विशेष ट्रेन संचालन, यात्री प्रवाह प्रबंधन और रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार लक्ष्य है कि लगभग 30 करोड़ श्रद्धालुओं के सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित आवागमन के साथ सिंहस्थ-2028 को ऐतिहासिक रूप से सफल आयोजन बनाया जाए।
