“प्रोजेक्ट दक्ष” से मजबूत होगी पुलिसिंग: कांकेर पुलिस ने जवानों को दी एडवांस ड्राइविंग स्किल ट्रेनिंग
कांकेर। पुलिस जवानों की कार्यकुशलता और प्रोफेशनल क्षमता को बढ़ाने के उद्देश्य से कांकेर पुलिस द्वारा “प्रोजेक्ट दक्ष” के तहत विशेष ड्राइविंग स्किल ट्रेनिंग कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण में जवानों को सुरक्षित, जिम्मेदार एवं आधुनिक वाहन संचालन की व्यवहारिक जानकारी दी जा रही है।

पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस बल को अनुशासित, दक्ष एवं आपात परिस्थितियों के लिए पूर्णतः तैयार करना है।
प्रशिक्षण के दौरान जवानों को सड़क सुरक्षा मानकों, यातायात नियमों के पालन, सुरक्षित वाहन संचालन, निर्धारित स्पीड लिमिट, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के महत्व के बारे में विस्तार से समझाया जा रहा है। साथ ही दुर्घटना की स्थिति में प्राथमिक उपचार देने और तत्काल आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी सिखाई जा रही है।

विशेष रूप से रात्रिकालीन ड्राइविंग, दुर्घटना से बचाव की तकनीक एवं आपातकालीन हालात में त्वरित प्रतिक्रिया जैसे विषयों पर व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे पुलिस जवान किसी भी परिस्थिति में प्रभावी कार्रवाई कर सकें।
कांकेर पुलिस का यह कौशल विकास कार्यक्रम आधुनिक और जिम्मेदार पुलिसिंग को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
📢 कांकेर पुलिस की अपील: सभी नागरिक यातायात नियमों का पालन करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।
