महिला सुरक्षा पर कांकेर पुलिस का बड़ा जागरूकता अभियान, 75 से ज्यादा लोगों ने डाउनलोड किया ‘अभिव्यक्ति एप’
कांकेर। महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा और जागरूकता को मजबूत करने के उद्देश्य से कांकेर पुलिस की महिला रक्षा टीम द्वारा नगर सेना कार्यालय एवं मुरडोंगरी में व्यापक जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, छात्राओं एवं आम नागरिकों को सुरक्षा और कानून संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

यह अभियान पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन एवं उप पुलिस अधीक्षक (IUCAW) प्रतिभा लहरे के पर्यवेक्षण में आयोजित किया गया। महिला रक्षा टीम ने सुशासन त्योहार कार्यक्रम में पहुंचकर समाज में बढ़ते अपराधों के प्रति लोगों को सतर्क रहने का संदेश दिया।
अभियान के दौरान महिला सैनिकों, छात्राओं एवं आमजन को शराब सेवन से परिवार एवं समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव, यातायात नियमों के उल्लंघन से होने वाली दुर्घटनाएं, घरेलू हिंसा, मानव तस्करी, साइबर अपराध तथा महिलाओं के विरुद्ध अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही इनसे बचाव के उपाय और आवश्यक सावधानियां भी बताई गईं।
महिला रक्षा टीम ने विशेष रूप से “अभिव्यक्ति एप” की जानकारी देते हुए इसकी उपयोगिता और ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया समझाई। जागरूकता अभियान के दौरान 75 से अधिक लोगों ने मौके पर ही एप डाउनलोड किया।
इसके अलावा पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर स्थापित शिकायत पेटियों की जानकारी देते हुए बताया गया कि कोई भी नागरिक अपनी समस्या या संदिग्ध गतिविधि की सूचना गोपनीय रूप से पुलिस तक पहुंचा सकता है।
कार्यक्रम में गुड टच-बैड टच, बाल विवाह, पॉक्सो एक्ट और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग पर भी जागरूक किया गया। महिलाओं और छात्राओं को आत्मरक्षा के लिए सेल्फ डिफेंस डेमो दिखाकर महत्वपूर्ण सुरक्षा टिप्स भी दिए गए।
