जंगल में मिला माओवादियों का गुप्त बंकर! बीजापुर पुलिस को बड़ी सफलता, भारी मात्रा में विस्फोटक व उपकरण बरामद
बीजापुर। जिले के थाना गंगालूर क्षेत्र अंतर्गत डोडीतुमनार के घने जंगलों में माओवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे लगातार सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त पुलिस टीम ने जमीन के नीचे छिपाकर बनाया गया माओवादियों का एक गुप्त बंकर खोज निकाला।
बीजापुर पुलिस एवं पीडिया सहायता केंद्र की संयुक्त टीम द्वारा चलाए गए अभियान में क्षेत्र की गहन तलाशी के दौरान संदिग्ध स्थान पर सुरक्षा जांच की गई। जांच के बाद जमीन के भीतर तैयार किया गया माओवादी बंकर बरामद किया गया, जिसका उपयोग संगठन द्वारा हथियार एवं तकनीकी संसाधन छिपाने के लिए किया जा रहा था।
बंकर से पुलिस ने भारी मात्रा में संदिग्ध सामग्री एवं तकनीकी उपकरण जब्त किए हैं, जिनमें प्रमुख रूप से बीजीएल लॉन्चर व सेल, विस्फोटक सामग्री, कॉर्डेक्स वायर, लेथ मशीन, जनरेटर, सोलर प्लेट, बैटरी, वेल्डिंग एवं ड्रिल मशीन सहित मोटर शामिल हैं।
सुरक्षा बलों का मानना है कि यह बंकर माओवादी गतिविधियों को संचालित करने तथा विस्फोटक निर्माण के लिए उपयोग में लाया जा रहा था। बरामद सामग्री को सुरक्षित जब्त कर आगे की जांच एवं निष्क्रिय करने की कार्रवाई की जा रही है।
बीजापुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जंगल हो या पहाड़ — शांति और विकास के दुश्मनों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा माओवादी नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए सुरक्षा बल पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्रवाई कर रहे हैं।
