मदर्स डे पर खास पहल: रायपुर महिला जेल में शुरू हुआ वीडियो कॉलिंग सिस्टम, बंदियों को मिला परिवार से जुड़ने का अवसर
रायपुर। मदर्स डे के अवसर पर रायपुर महिला जेल में एक मानवीय एवं संवेदनशील पहल करते हुए वीडियो कॉलिंग सिस्टम का शुभारंभ किया गया। इस नई सुविधा के माध्यम से अब महिला बंदी अपने परिजनों एवं अधिवक्ताओं से सीधे वीडियो कॉल के जरिए संवाद कर सकेंगी।
जेल प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य महिला बंदियों को मानसिक संबल प्रदान करना, पारिवारिक संबंधों को मजबूत बनाए रखना तथा कानूनी परामर्श को आसान बनाना है। वीडियो कॉलिंग सुविधा से बंदियों को अपने परिवार से जुड़ाव का एहसास मिलेगा, जिससे उनके मानसिक स्वास्थ्य एवं पुनर्वास प्रक्रिया को भी सकारात्मक सहयोग मिलेगा।

अधिकारियों के अनुसार, यह व्यवस्था विशेष रूप से उन महिला बंदियों के लिए लाभकारी सिद्ध होगी जिनके परिजन दूरस्थ क्षेत्रों में रहते हैं और मुलाकात के लिए नियमित रूप से जेल नहीं पहुंच पाते। अब वे निर्धारित समय में सुरक्षित एवं नियंत्रित वातावरण में वीडियो कॉल के माध्यम से संवाद कर सकेंगी।
जेल प्रशासन का मानना है कि यह कदम सुधारात्मक न्याय प्रणाली को मजबूत करने के साथ-साथ बंदियों के पुनर्सामाजिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा। मदर्स डे के अवसर पर शुरू की गई यह सुविधा महिला बंदियों के लिए भावनात्मक रूप से बेहद महत्वपूर्ण सौगात मानी जा रही है।
