नाकाबंदी तोड़ भाग रहे शराब तस्कर गिरफ्तार, 15 लाख से अधिक की अवैध शराब व लग्जरी कार जब्त
राजनांदगांव/बागनदी: अंतर्राज्यीय अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बागनदी पुलिस ने मध्यप्रदेश में खपाने ले जाई जा रही भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब जब्त कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। संयुक्त पुलिस कार्रवाई में 43 पेटी गोवा व्हिस्की सहित कुल 15,17,250 रुपये का मशरूका बरामद किया गया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी डोंगरगढ़ के पर्यवेक्षण में अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना बागनदी पुलिस को सूचना मिली कि सफेद रंग की विक्टोरियस कार (CG08 BH 7988) में अवैध रूप से अंग्रेजी शराब मध्यप्रदेश ले जाई जा रही है।
सूचना के आधार पर बागनदी चौक में थाना बागनदी एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम ने नाकाबंदी की। 14 मई 2026 की रात लगभग 2 बजे संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने बैरिकेड्स तोड़ते हुए पुलिस की अधिकृत स्कॉर्पियो वाहन को टक्कर मार दी और जानलेवा तरीके से वाहन भगाने लगा।
पुलिस टीम ने पीछा कर वाहन को घेर लिया। भागने के प्रयास में आरोपी वाहन को अनियंत्रित कर सड़क किनारे गड्ढे में उतार बैठे, जिसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

👮 गिरफ्तार आरोपी
- किशन धीवर, पिता राजकुमार धीवर, उम्र 25 वर्ष, निवासी जेवरा सिरसा, जिला दुर्ग
- करण केंवट, पिता शैलेश केंवट, उम्र 21 वर्ष, निवासी स्मृति नगर चौक, भिलाई, जिला दुर्ग
🍾 जब्त सामग्री
- 43 पेटी गोवा व्हिस्की अंग्रेजी शराब
- कुल 2150 नग (लगभग 387 लीटर) शराब
- शराब कीमत — ₹2,90,250
- लग्जरी कार कीमत — लगभग ₹12,00,000
- कुल जुमला मशरूका — ₹15,17,250
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि शराब को जेवरा सिरसा निवासी गोलू सरदार उर्फ सवेन्दर सिंह के लिए ले जाया जा रहा था तथा आमगांव निवासी सोनू द्वारा शराब उपलब्ध कराई गई थी। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2), 36 आबकारी एक्ट, धारा 281, 132, 324(3), 324(4) बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
