अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमकी राजनांदगांव पुलिस की खिलाड़ी, ज्ञानेश्वरी यादव ने बढ़ाया भारत का गौरव
राजनांदगांव: जिला पुलिस राजनांदगांव में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (सउनि.) ज्ञानेश्वरी यादव ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित Universal Weightlifting Cup (World Cup) 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत एवं छत्तीसगढ़ का नाम गौरवान्वित किया है।
प्रतियोगिता में ज्ञानेश्वरी यादव ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन और मेहनत का परिचय देते हुए अंतरराष्ट्रीय मंच पर दमदार प्रदर्शन किया। उनकी इस उपलब्धि से न केवल पुलिस विभाग बल्कि पूरे जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।
जिला पुलिस अधिकारियों एवं सहकर्मियों ने उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि खेलों के माध्यम से पुलिस बल के जवान देश और प्रदेश का मान बढ़ा रहे हैं। ज्ञानेश्वरी यादव की सफलता युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है।
पुलिस विभाग ने उनके उज्ज्वल भविष्य एवं आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में और बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी हैं।
