36 घंटे में कमाल: सिंगरौली पुलिस ने झारखंड से सुरक्षित बरामद की 2 साल की अपहृत मासूम, आरोपी गिरफ्तार
मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले में पुलिस की त्वरित और सटीक कार्रवाई का शानदार उदाहरण सामने आया है, जहां महज 36 घंटे के भीतर अपहृत 2 वर्षीय बच्ची मनीषा सिंह को सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया।
जानकारी के अनुसार बच्ची का अपहरण बैढ़न बस स्टैंड क्षेत्र से किया गया था। घटना की सूचना मिलते ही सिंगरौली पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार कार्रवाई करते हुए आरोपी तक पहुंच बनाई।
जांच के दौरान आरोपी विनोद महतो निवासी लातेहार (झारखंड) की पहचान हुई। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए झारखंड पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार किया तथा मासूम बच्ची को सकुशल दस्तयाब कर लिया।
पुलिस की तेज कार्रवाई से न केवल एक बड़ी घटना टली बल्कि परिजनों के चेहरे पर फिर से खुशियां लौट आईं। सिंगरौली पुलिस की इस संवेदनशील एवं प्रभावी कार्यवाही की क्षेत्रभर में सराहना की जा रही है।
