“मोर मितान – कांकेर पुलिस” अभियान: बीट पुलिसिंग को मिली नई मजबूती, 154 गांवों में बढ़ेगा पुलिस-जन संवाद

0
700409498_1302150282097473_5543387497839018885_n

कांकेर जिले में सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत बनाने की दिशा में “मोर मितान – कांकेर पुलिस” अभियान के अंतर्गत पुलिस रक्षित केंद्र कांकेर में बीट पुलिसिंग समीक्षा एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा (भा.पु.से.) के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें जिले के राजपत्रित अधिकारी, बीट प्रभारी एवं पुलिस अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।

कार्यक्रम के दौरान जिले में संचालित बीट प्रणाली की विस्तृत समीक्षा की गई। वर्तमान में जिले के 154 ग्रामों में प्रभावी बीट पुलिसिंग व्यवस्था लागू है, जिसके माध्यम से पुलिस और आमजन के बीच समन्वय को और मजबूत किया जा रहा है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में 140 अधिकारी-कर्मचारियों ने भाग लिया। अधिकारियों को नियमित बीट भ्रमण, नागरिकों से सतत संवाद, स्थानीय समस्याओं के त्वरित समाधान तथा संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन ठगी, नशामुक्ति जागरूकता, लंबित वारंटों की तामील, अवैध शराब बिक्री पर प्रभावी कार्रवाई एवं अपराध नियंत्रण से जुड़े विषयों पर विशेष प्रशिक्षण दिया गया।

इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले 15 बीट आरक्षकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से आमजन का विश्वास मजबूत करना और अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाना अभियान का मुख्य उद्देश्य है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों