अवैध पटाखा भंडारण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, संयुक्त टीम ने गोदामों पर मारा छापा
शुजालपुर में अवैध रूप से पटाखों के भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए छापामार अभियान चलाया। कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना के मार्गदर्शन में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई, जिसमें बड़ी मात्रा में बिना अनुमति रखे गए पटाखे जब्त किए गए।

कार्रवाई के दौरान अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री राजकुमार हलदर, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) श्री निमेष देशमुख, नायब तहसीलदार श्री घनश्याम लोहार तथा थाना प्रभारी शुजालपुर सिटी श्री प्रवीण पाठक की विशेष भूमिका रही।
संयुक्त टीम ने शुजालपुर-पचोर रोड स्थित ग्राम चितोडा के गोदामों की जांच की। निरीक्षण के दौरान पारस जैन पिता राजमल जैन निवासी ग्राम अमलार तहसील पचोर जिला राजगढ़ के गोदाम से बिना अनुमति बड़ी मात्रा में संग्रहित पटाखे बरामद किए गए। जांच में पाया गया कि गोदाम में अग्नि सुरक्षा के कोई उपकरण मौजूद नहीं थे तथा परिसर के समीप 33 केवी विद्युत लाइन होने से गंभीर हादसे की आशंका बनी हुई थी।

इसी क्रम में रायपुर रोड स्थित एक अन्य गोदाम की जांच में सुनील एवं संजय पिता बद्रीलाल निवासी शीतलानगर शुजालपुर सिटी के यहां तीन लोहे और दो गत्ते के बक्सों में अवैध रूप से रखे गए पटाखे जब्त किए गए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति विस्फोटक सामग्री का भंडारण सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत गंभीर अपराध है। क्षेत्र में ऐसे अवैध भंडारण के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
