एयरपोर्ट से सीधे गोलीकांड स्थल पहुंचे SP विजय कुमार पाण्डेय, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए शुरू हुआ “ऑपरेशन हंट”
जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करही में हुए सनसनीखेज गोलीकांड मामले में पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने सख्त और त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। राष्ट्रीय पुलिस अकादमी, हैदराबाद में आयोजित 6 सप्ताह के IPS इंडक्शन प्रशिक्षण से लौटते ही एसपी पाण्डेय रायपुर एयरपोर्ट से सीधे घटना स्थल ग्राम करही पहुंचे।
घटनास्थल पहुंचकर पुलिस अधीक्षक ने पूरे क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया तथा मृतक के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान “ऑपरेशन हंट” शुरू करने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि गोलीकांड में शामिल आरोपियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले की विशेष टीमों को सक्रिय कर दिया गया है और लगातार दबिश देकर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करते हुए तकनीकी साक्ष्य, स्थानीय सूचना तंत्र एवं विशेष निगरानी के माध्यम से आरोपियों तक जल्द पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील करते हुए भरोसा दिलाया है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
