कंटेनर ट्रक से 5172 बल्क लीटर अवैध बियर जब्त, रतलाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई
रतलाम पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कंटेनर ट्रक से 5172 बल्क लीटर अवैध बियर जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान करीब 25 लाख रुपये से अधिक का मशरूका बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कंटेनर ट्रक में भारी मात्रा में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक गायत्री सोनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रतलाम बायपास फोरलेन रोड स्थित सेजावता क्षेत्र में घेराबंदी की।

पुलिस ने संदिग्ध कंटेनर ट्रक को रोककर तलाशी ली, जिसमें 431 पेटियों में भरी 5172 बल्क लीटर अवैध बियर बरामद हुई। मौके से वाहन चालक भोमाराम जाट निवासी बाड़मेर, राजस्थान को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध शराब और कंटेनर ट्रक जब्त कर मध्यप्रदेश आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस शराब के सप्लाई नेटवर्क, स्रोत और अन्य संलिप्त आरोपियों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
रतलाम पुलिस की इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अशोक दीक्षित, सउनि. दिलीप खाती, हंसराज पटीगर सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
