कांकेर में “नेक्स्ट जेन CG डायल 112” सेवा और फोरेंसिक लैब का शुभारंभ, अब मिलेगी हाईटेक इमरजेंसी सहायता
कांकेर पुलिस द्वारा जिले में “नेक्स्ट जेन CG डायल 112” आपातकालीन सेवा एवं मोबाइल फोरेंसिक लैब का जिला स्तरीय शुभारंभ किया गया। “एक्के नंबर सब्बो बर” थीम पर आधारित इस नई व्यवस्था से आमजन को तेज़, प्रभावी और तकनीकी रूप से सक्षम आपातकालीन सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह द्वारा रायपुर में राज्यस्तरीय शुभारंभ के बाद अब यह अत्याधुनिक सेवा प्रदेश के सभी 33 जिलों में लागू कर दी गई है। इसी क्रम में कांकेर जिले में पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर से हाईटेक डायल-112 वाहन, फोरेंसिक एम्बुलेंस एवं ई-रिक्शा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
कार्यक्रम में सांसद भोजराज नाग, विधायक आशाराम नेताम, पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू सहित जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

नई डायल-112 सेवा के तहत शामिल वाहन इन-बिल्ट कैमरा, एडवांस GPS ट्रैकिंग और रियल-टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम जैसी आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं। इससे घटना की सूचना मिलते ही निकटतम वाहन तत्काल मौके पर पहुंच सकेगा और पुलिस सहायता पहले से अधिक तेज़ और प्रभावी होगी।

साथ ही मोबाइल फोरेंसिक एम्बुलेंस के जरिए घटनास्थल पर वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन और जांच कार्य को भी मजबूती मिलेगी। खासकर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में अब पुलिस रिस्पॉन्स सिस्टम को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा।
कांकेर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति में डायल 112 सेवा का उपयोग करें और सही जानकारी देकर पुलिस की सहायता करें।
