देवास पुलिस प्रशासन की मानवीय पहल, 68 सड़क दुर्घटना पीड़ित परिवारों को ₹61 लाख की राहत राशि
देवास पुलिस प्रशासन ने सड़क दुर्घटना पीड़ित परिवारों के लिए संवेदनशील और सराहनीय पहल करते हुए 68 जरूरतमंद परिवारों को ₹61 लाख की राहत राशि दिलाई है। जिन परिवारों का कोई सहारा नहीं था, उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ दिलाकर आर्थिक सहायता प्रदान की गई, जिससे पीड़ित परिवारों को बड़ी राहत मिली है।
सड़क दुर्घटनाओं में पीड़ितों की सहायता हेतु लागू हिट एंड रन योजना 2022 के प्रभावी क्रियान्वयन में देवास जिला पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा है। पुलिस प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई, दस्तावेजी प्रक्रिया और समन्वित प्रयासों के कारण पात्र परिवारों तक राहत राशि समय पर पहुंचाई जा सकी।
वहीं राह वीर योजना में भी देवास ने प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। इस योजना के तहत सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों की जान बचाने वाले 4 जागरूक नागरिकों को सम्मानित किया गया। इन नागरिकों ने मानवता का परिचय देते हुए घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इसके अलावा पीएम राहत योजना के अंतर्गत 200 से अधिक घायल नागरिकों का निशुल्क उपचार कराया गया, जिनमें से 150 से अधिक लोग स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुके हैं। पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन के समन्वित प्रयासों से यह संभव हो सका।
देवास पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा, जागरूकता अभियान, त्वरित मेडिकल सहायता और दुर्घटना नियंत्रण को लेकर लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। इन प्रयासों का सकारात्मक असर भी देखने को मिला है। वर्ष 2026 में जिले में सड़क दुर्घटनाओं में 18 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई, जबकि दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों में 25 प्रतिशत की कमी आई है।
पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करें तथा दुर्घटना पीड़ितों की मदद के लिए आगे आएं, क्योंकि समय पर मिली सहायता किसी की जान बचा सकती है।
