ट्रेलर लूटकांड में फरार आरोपी गिरफ्तार: ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत तमनार पुलिस की बड़ी सफलता
रायगढ़। जिले में फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत तमनार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने बहुचर्चित हुंकराडीपा ट्रेलर लूटकांड में पिछले 10 महीनों से फरार चल रहे आरोपी एवं वारंटी अजय गोस्वामी को कोरबा जिले से गिरफ्तार कर लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के दौरान थाना तमनार पुलिस ने आरोपी को उसके गृह क्षेत्र कुसमुंडा, जिला कोरबा से दबोचकर रायगढ़ लाया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार अजय गोस्वामी अपने पिता, भाइयों और अन्य साथियों के साथ कुल नौ आरोपियों के गिरोह का सदस्य था। इस गिरोह ने पांच ट्रेलर वाहनों में लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया था और बाद में वाहनों को ओडिशा ले जाकर छिपा दिया था।
घटना के महज 24 घंटे के भीतर रायगढ़ पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन अजय गोस्वामी और एक अन्य आरोपी पुलिस गिरफ्त से बच निकले थे। फरारी के दौरान पुलिस ने न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया, जिसके आधार पर आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था।
मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी
थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। पूर्व में पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर दो बार दबिश भी दी थी, लेकिन वह हर बार फरार हो जाता था।
ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत सक्रिय किए गए मुखबिर तंत्र से पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव पहुंचा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल कोरबा रवाना हुई और आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। मामले में अब तक कुल आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि एक अन्य फरार आरोपी की तलाश अभी भी जारी है।
रायगढ़ पुलिस का कहना है कि जिले में फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून से बचने की कोशिश करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
