नक्सल प्रभाव से विकास की राह तक: माराडबरा में जनचौपाल लगाकर SP धर्मेंद्र सिंह ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

0
711425893_1409853967835315_1659734568308875625_n

कबीरधाम। कभी नक्सल प्रभाव की छाया में रहने वाला कबीरधाम जिले का सुदूर वनांचल ग्राम माराडबरा आज शांति, विकास और जनविश्वास का प्रतीक बनकर उभर रहा है। पुलिस और जनता के बीच संवाद एवं विश्वास को मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कबीरधाम श्री धर्मेंद्र सिंह (आईपीएस) ने ग्राम माराडबरा पहुंचकर जनचौपाल आयोजित की और ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान का भरोसा दिलाया।

वनांचल क्षेत्रों में सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने की अपनी पहल के तहत पुलिस अधीक्षक लगातार दूरस्थ गांवों का दौरा कर रहे हैं। इसी क्रम में आयोजित जनचौपाल में ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं एवं मांगें पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं।

श्री धर्मेंद्र सिंह ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए मौके पर निराकरण योग्य विषयों पर आवश्यक निर्देश दिए तथा अन्य महत्वपूर्ण मांगों को जिला प्रशासन तक पहुंचाकर शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया।

नक्सल प्रभाव से विकास की नई पहचान तक

ग्राम माराडबरा कभी नक्सल प्रभाव से प्रभावित क्षेत्र के रूप में जाना जाता था। एक समय यहां विकास कार्यों और प्रशासनिक पहुंच के सामने अनेक चुनौतियां थीं। लेकिन पुलिस, प्रशासन और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयासों से आज यह क्षेत्र शांति, सुरक्षा और विकास की नई पहचान बन चुका है। ग्रामीण अब निर्भीक होकर अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रख रहे हैं और विकास की मुख्यधारा से जुड़कर नए भविष्य का निर्माण कर रहे हैं।

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ विश्वास और सहयोग का मजबूत रिश्ता बनाना भी है। उन्होंने कहा कि वनांचल क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए पुलिस प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।

बच्चों को दी शिक्षा की प्रेरणा

जनचौपाल के दौरान पुलिस अधीक्षक ने गांव के बच्चों को कॉपी, पेन, पेंसिल सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित की। उन्होंने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय जाने, शिक्षा के महत्व को समझने और अपने जीवन के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी।

उन्होंने कहा कि “शिक्षा ही वह सबसे प्रभावी माध्यम है, जो बच्चों को सशक्त बनाकर समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने योग्य बनाती है।”

जनविश्वास और विकास को मिलेगी नई दिशा

माराडबरा में आयोजित यह जनचौपाल पुलिस और ग्रामीणों के बीच विश्वास एवं संवाद को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। यह पहल वनांचल क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के समन्वित मॉडल को नई मजबूती प्रदान करेगी तथा सामुदायिक पुलिसिंग की प्रभावशीलता को भी बढ़ाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों