ग्वालियर पुलिस का बड़ा सर्च ऑपरेशन सफल: 6 वर्षीय लापता बालक 7 घंटे बाद सुरक्षित मिला, परिवार ने जताया आभार

0
714775983_1404655055029186_6453215019802619692_n (1)

ग्वालियर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्री धर्मवीर सिंह के निर्देशन में जिले में गुमशुदा नाबालिग बच्चों की तलाश के लिए लगातार प्रभावी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 2 जून 2026 की शाम थाना पुरानी छावनी क्षेत्र के रूद्रपुरा इलाके से एक 6 वर्षीय बालक के लापता होने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई।

जानकारी के अनुसार, बालक के पिता, जो मूल रूप से अशोक नगर के निवासी हैं और वर्तमान में रूद्रपुरा स्थित एक निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में मजदूरी का कार्य कर रहे हैं, ने बताया कि उनका पुत्र शाम के समय खेलते-खेलते अचानक कहीं चला गया और काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चल सका।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाई गई। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वयं अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और बालक की शीघ्र तलाश के लिए विशेष निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं सीएसपी महाराजपुरा के नेतृत्व में कई पुलिस टीमों का गठन किया गया।

तलाश अभियान को व्यापक रूप देते हुए थाना पुरानी छावनी पुलिस के साथ अन्य थानों के पुलिसकर्मियों तथा पुलिस लाइन के जवानों को भी लगाया गया। कुल मिलाकर 200 से अधिक पुलिसकर्मियों ने सर्च ऑपरेशन में भाग लिया। शहर के प्रमुख स्थानों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, होटल, ढाबों और अन्य संभावित ठिकानों की जांच की गई। साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और सार्वजनिक परिवहन वाहनों की भी सघन जांच की गई।

पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से जिले के सभी थानों तथा सीमावर्ती क्षेत्रों को भी बालक की तलाश संबंधी सूचना भेजी गई। लगातार प्रयासों और रातभर चली खोजबीन के दौरान पुलिस टीम को देर रात लगभग 2 बजे रूद्रपुरा क्षेत्र में एक ट्रॉली के भीतर बालक सुरक्षित अवस्था में सोता हुआ मिला।

बालक के सकुशल मिलने के बाद पुलिस ने उसे उसके परिजनों को सौंप दिया। बच्चे के सुरक्षित वापस मिलने पर परिवार ने राहत की सांस ली और ग्वालियर पुलिस की त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों