देवास पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 12.50 लाख की चोरी का खुलासा, 2 महिलाओं सहित 4 आरोपी गिरफ्तार

0

देवास। देवास पुलिस ने “ऑपरेशन त्रिनेत्रम” के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए सूने मकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं सहित कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गया पूरा मशरुका, घटना में प्रयुक्त वाहन और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले बेहद शातिर तरीके से रैकी करते थे। गिरोह के सदस्य महिलाओं को कार में बैठाकर कॉलोनियों और रिहायशी क्षेत्रों का निरीक्षण करते थे, जिससे किसी को उन पर संदेह न हो। सूने मकानों की पहचान करने के बाद आरोपी चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।

सीसीटीवी फुटेज से खुला राज

चोरी की घटना के बाद फरार होते समय आरोपी इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू की। लगातार निगरानी और सटीक जांच के बाद पुलिस ने पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया।

12.50 लाख का पूरा माल बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, लैपटॉप, मोबाइल फोन सहित करीब 12.50 लाख रुपये मूल्य का चोरी गया संपूर्ण मशरुका बरामद किया है। साथ ही चोरी की वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

तकनीक और पुलिसिंग का सफल संगम

देवास पुलिस के अनुसार ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत जिलेभर में सीसीटीवी नेटवर्क और तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। इसी का परिणाम है कि संगठित चोरी गिरोह का पर्दाफाश कर चोरी की पूरी संपत्ति बरामद करने में सफलता मिली।

पुलिस का कहना है कि संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल संगठित गिरोहों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा और अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों