ग्वालियर में 1.5 करोड़ का गोल्ड फ्रॉड उजागर: होलमार्क के बहाने 931 ग्राम सोना लेकर फरार ज्वेलर्स संचालक मेरठ से गिरफ्तार
ग्वालियर। ग्वालियर पुलिस ने होलमार्किंग के नाम पर करोड़ों रुपये मूल्य के सोने के आभूषण हड़पकर फरार हुए दो आरोपियों को उत्तर प्रदेश के मेरठ से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 931 ग्राम सोने के जेवरात, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये है, बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, एक शिकायतकर्ता ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसने अपने पुत्र के विवाह के लिए एक ज्वेलर्स से लगभग 640 ग्राम सोने के आभूषण खरीदे थे। आभूषणों की होलमार्किंग और बिल उपलब्ध कराने के बहाने उसे सर्राफा बाजार स्थित एक प्रतिष्ठान पर ले जाया गया। वहां सर्वर की समस्या का हवाला देकर सोने के आभूषण जमा रखवा लिए गए। बाद में संबंधित ज्वेलर्स संचालक और उसका सहयोगी सोना लेकर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू कराई। पुलिस ने विभिन्न शहरों में तलाश अभियान चलाया तथा सीसीटीवी फुटेज, टोल प्लाजा रिकॉर्ड और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के दौरान आरोपियों की लोकेशन मेरठ में मिलने पर पुलिस टीम ने दोनों को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद उनकी निशानदेही पर शिकायतकर्ता के 640 ग्राम सोने के आभूषणों सहित अन्य लोगों के जेवरात भी बरामद किए गए। कुल मिलाकर 931 ग्राम सोना जब्त किया गया, जिसकी कीमत लगभग 1.5 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने शहर के अन्य क्षेत्रों से भी सोना प्राप्त किया था। इस संबंध में पुलिस द्वारा विस्तृत जांच और पूछताछ जारी है।
ग्वालियर पुलिस की इस कार्रवाई से पीड़ितों को बड़ी राहत मिली है तथा आर्थिक अपराधों के खिलाफ पुलिस की सक्रियता एक बार फिर सामने आई है।
