राजनांदगांव में अवैध डीजल कारोबार पर पुलिस का शिकंजा: 610 लीटर डीजल जब्त, एक गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार
राजनांदगांव। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चिचोला पुलिस और डोंगरगढ़ डिवीजन की स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध डीजल भंडारण और बिक्री के एक मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से 610 लीटर डीजल और नकदी सहित कुल 63,330 रुपये मूल्य की सामग्री जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि मामले का मुख्य आरोपी अभी फरार है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि रामपुर (खातूटोला) स्थित एक ढाबे में अवैध रूप से डीजल का भंडारण कर ट्रक चालकों को बेचा जा रहा है। सूचना के आधार पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम के पहुंचते ही कुछ संदिग्ध व्यक्ति मौके से खेतों और जंगल की ओर भाग निकले। मौके पर मौजूद एक व्यक्ति से पूछताछ की गई, जिसने अपनी पहचान बहादूर अली के रूप में बताई। तलाशी के दौरान विभिन्न प्लास्टिक जरीकेनों और केनों में बड़ी मात्रा में डीजल रखा मिला।
जांच में कुल 610 लीटर डीजल बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 62,830 रुपये आंकी गई। इसके अलावा डीजल बिक्री से प्राप्त 500 रुपये नकद भी जब्त किए गए। इस प्रकार कुल 63,330 रुपये मूल्य की सामग्री पुलिस ने अपने कब्जे में ली।
पुलिस द्वारा आरोपी से डीजल के भंडारण और बिक्री से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वह कोई वैध अनुमति या दस्तावेज नहीं दिखा सका। पूछताछ में उसने बताया कि वह ढाबे में प्रबंधकीय कार्यों के साथ-साथ डीजल के रखरखाव और बिक्री का काम भी करता था।
प्रारंभिक जांच में मामला आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के प्रावधानों के अंतर्गत पाया गया, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। अदालत के आदेश पर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार मामले का मुख्य आरोपी अतीक खान उर्फ जुम्मन खान अभी फरार है और उसकी तलाश के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि अवैध ईंधन कारोबार में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध कारोबार और आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
