भोपाल में पुलिसकर्मियों ने बचाई जान! समय पर दिया CPR, डीजीपी ने किया सम्मान का ऐलान
मध्यप्रदेश पुलिस की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का एक प्रेरणादायक उदाहरण भोपाल में देखने को मिला। पुलिस आयुक्त कार्यालय में एक आगंतुक अचानक अचेत होकर गिर पड़ा, जिससे वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। ऐसे मुश्किल समय में चालक आरक्षक मुकेश साहू और गनमैन आरक्षक रंजीत रघुवंशी ने अद्भुत तत्परता और प्रशिक्षित कौशल का परिचय दिया।
दोनों पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए अचेत व्यक्ति को तत्काल सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) देना शुरू किया। लगातार किए गए प्रयासों का सकारात्मक परिणाम सामने आया और कुछ ही समय बाद आगंतुक को होश आ गया। प्राथमिक सहायता मिलने के बाद उसे बेहतर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

इस सराहनीय कार्य की जानकारी मिलने पर पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने दोनों आरक्षकों की प्रशंसा करते हुए उन्हें पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिसकर्मियों की तत्परता और प्रशिक्षण नागरिकों के जीवन की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
यह घटना मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा अपने कर्मियों को दिए जा रहे सीपीआर और जीवनरक्षक प्रशिक्षण की प्रभावशीलता को भी दर्शाती है। समय पर दी गई मदद ने एक व्यक्ति की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई, जो पुलिस के मानवीय चेहरे को सामने लाती है।
