गरियाबंद के नन्हें कलाकारों को SP ने किया सम्मानित! नुक्कड़ नाटक से फैला रहे हैं नशामुक्ति और साइबर जागरूकता
गरियाबंद जिले के ग्राम बारूला के बच्चों द्वारा सामाजिक जागरूकता के लिए किए जा रहे प्रयासों को नई पहचान मिली है। गरियाबंद पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने उन बाल कलाकारों से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया, जो नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।
खेल-कूद की उम्र में ग्राम बारूला के ये बच्चे समाज में फैली विभिन्न समस्याओं के प्रति लोगों को जागरूक करने का बीड़ा उठाए हुए हैं। ये नन्हें कलाकार गांव-गांव जाकर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत करते हैं और शिक्षा के महत्व, नशामुक्ति, यातायात नियमों के पालन तथा साइबर अपराधों से बचाव जैसे विषयों पर लोगों को जागरूक करते हैं।

बच्चों के इस अनूठे प्रयास की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक ने स्वयं उनसे मुलाकात की और उनके कार्यों की सराहना की। इस दौरान उन्होंने बच्चों से उनके अनुभव साझा किए और समाज के प्रति उनकी जिम्मेदार सोच की प्रशंसा की। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए केवल बड़े मंचों की नहीं, बल्कि अच्छी सोच और जागरूकता की आवश्यकता होती है।
उन्होंने कहा कि ग्राम बारूला के बच्चों ने यह साबित कर दिया है कि उम्र चाहे छोटी हो, लेकिन सोच बड़ी हो तो समाज में बदलाव लाया जा सकता है। पुलिस प्रशासन ऐसे प्रयासों को हमेशा प्रोत्साहित करता है, जो समाज को सही दिशा देने का काम करें।
कार्यक्रम के अंत में गरियाबंद पुलिस द्वारा सभी बाल कलाकारों को सम्मानित और पुरस्कृत किया गया। यह सम्मान न केवल बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाएगा, बल्कि अन्य युवाओं और बच्चों को भी समाजहित में आगे आने के लिए प्रेरित करेगा।
