सूरजपुर पुलिस का बड़ा कारनामा! 50 लाख के 293 गुम मोबाइल खोजकर लौटाए, लोगों के चेहरे पर लौटी मुस्कान
सूरजपुर पुलिस ने तकनीक और सतत प्रयासों के दम पर बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 50 लाख रुपये मूल्य के 293 गुम मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए। विभिन्न जिलों और राज्यों से ट्रेस किए गए इन मोबाइलों के मिलने से नागरिकों के चेहरे पर खुशी लौट आई और उन्होंने पुलिस का आभार व्यक्त किया।

यह विशेष अभियान डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देशन में चलाया गया। अभियान के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन और गुम मोबाइल नोडल अधिकारी एसडीओपी अभिषेक पैंकरा के मार्गदर्शन में साइबर सेल और जिले के थाना-चौकी स्टाफ ने संयुक्त रूप से कार्य किया।
साइबर सेल प्रभारी जावेद मियादाद के नेतृत्व में टीम ने CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की तकनीकी सहायता से गुम मोबाइलों को ट्रेस किया। बरामद मोबाइलों में एप्पल, सैमसंग, ओप्पो, विवो, रेडमी और वनप्लस जैसी कंपनियों के महंगे स्मार्टफोन शामिल हैं, जिन्हें अलग-अलग जिलों और राज्यों से खोजा गया।
मोबाइल वापस मिलने पर नागरिकों ने सूरजपुर पुलिस के प्रयासों की सराहना की। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आधुनिक तकनीक के बेहतर उपयोग और लगातार चलाए जा रहे अभियानों के जरिए गुम मोबाइलों की बरामदगी तथा साइबर अपराधों पर नियंत्रण के लिए प्रयास जारी रहेंगे।
सूरजपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में तुरंत CEIR पोर्टल, नजदीकी थाना या साइबर सेल को जानकारी दें। साथ ही किसी भी साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
