पैसा डबल करने का झांसा पड़ा भारी! PACL चिटफंड घोटाले में 2 और डायरेक्टर गिरफ्तार, अब तक 8 आरोपी गिरफ्तार
सूरजपुर जिले में करोड़ों रुपये की कथित चिटफंड धोखाधड़ी से जुड़े PACL मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना सूरजपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कंपनी के दो और डायरेक्टरों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों पर निवेशकों को पैसा दोगुना करने का लालच देकर करोड़ों रुपये जमा कराने और मैच्योरिटी पूरी होने के बाद भी रकम वापस नहीं करने का आरोप है।
डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर जिले में लंबित चिटफंड मामलों के निराकरण और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने मामले में शामिल दो डायरेक्टरों को प्रोडक्शन वारंट के आधार पर गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरजंट सिंह गिल उर्फ गुरजन सिंह और गुरूनाम सिंह के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने कंपनी के अन्य पदाधिकारियों के साथ मिलकर निवेशकों को राशि दोगुनी करने का झांसा दिया और बड़ी संख्या में लोगों से निवेश कराया। आरोप है कि तय अवधि पूरी होने के बाद भी निवेशकों को उनकी रकम वापस नहीं की गई।
मामले में थाना सूरजपुर में धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र और चिटफंड संबंधी विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने निवेशकों से धन संग्रह किए जाने से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियां पुलिस को दी हैं।
पुलिस के अनुसार इससे पहले भी कंपनी के छह अन्य डायरेक्टरों को गिरफ्तार किया जा चुका है। नवीन गिरफ्तारी के बाद इस मामले में कुल गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है। पुलिस का कहना है कि निवेशकों के हितों की रक्षा और आर्थिक अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
