अंतागढ़ पुलिस की अनोखी पहल! लाइसेंस से लेकर करियर गाइडेंस तक, एक मंच पर मिली कई सुविधाएं
कांकेर जिले की अंतागढ़ पुलिस ने सामुदायिक पुलिसिंग का बेहतरीन उदाहरण पेश करते हुए सुरक्षा, शिक्षा और जागरूकता को एक साथ जोड़ने वाला विशेष जनहित कार्यक्रम आयोजित किया। पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के नेतृत्व में आयोजित इस पहल का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करना तथा युवाओं और नागरिकों को उपयोगी जानकारी उपलब्ध कराना था।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष कुमार बंछोर और एसडीओपी शुभम तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में प्रशिक्षु उप निरीक्षक लता सिंह और प्रशिक्षु उप निरीक्षक नकुल पैकरा ने विद्यार्थियों एवं युवाओं को करियर संबंधी महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। इस दौरान पुलिस सेवा, प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार के अवसरों को लेकर युवाओं की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।
कार्यक्रम की सबसे बड़ी उपलब्धियों में दो दिवसीय ड्राइविंग लाइसेंस शिविर रहा, जिसमें 200 से अधिक नागरिकों को लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस प्रदान किए गए। इससे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को बड़ी सुविधा मिली।

इसके अलावा यातायात सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया, जिसमें सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। वहीं साइबर सुरक्षा सत्र में ऑनलाइन ठगी, बैंक फ्रॉड, फर्जी लिंक और डिजिटल अपराधों से बचने के तरीके समझाए गए।
शाला प्रवेश उत्सव के अवसर पर विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री वितरित कर शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को नियमित अध्ययन, लक्ष्य निर्धारण और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित किया।

अंतागढ़ पुलिस की इस पहल ने यह संदेश दिया कि आधुनिक पुलिसिंग केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को जागरूक, शिक्षित और सुरक्षित बनाने में भी पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे प्रयास पुलिस और आम जनता के बीच बेहतर संबंध स्थापित करने में मददगार साबित हो रहे हैं।
