अभियान नवजीवन: सूरजपुर पुलिस ने स्कूल में चलाया नशा मुक्ति अभियान, छात्रों ने पोस्टर और रंगोली से दिया संदेश

0
730487656_1472822428205951_9036130422658054605_n

सूरजपुर।

युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और समाज में नशामुक्त वातावरण तैयार करने के उद्देश्य से सूरजपुर पुलिस द्वारा चलाया जा रहा “अभियान नवजीवन” लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के तहत थाना भटगांव पुलिस ने एडी जुबली स्कूल में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया।

कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने छात्रों से सीधे संवाद करते हुए बताया कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। थाना प्रभारी बृजेश सिन्हा ने सरल और प्रेरणादायक भाषा में बच्चों को समझाया कि नशीले पदार्थों की लत व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और आर्थिक स्वास्थ्य को बुरी तरह प्रभावित करती है। उन्होंने कहा कि नशे की वजह से पढ़ाई, करियर, पारिवारिक रिश्ते और सामाजिक जीवन पर गंभीर नकारात्मक असर पड़ता है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और नशे के खिलाफ अपनी रचनात्मक सोच को रंगोली, पोस्टर मेकिंग और निबंध लेखन प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रस्तुत किया। बच्चों के बनाए पोस्टरों और रंगोलियों में नशे से होने वाले नुकसान तथा उससे दूर रहने का सशक्त संदेश दिखाई दिया।

प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में दुर्गा राजवाड़े ने प्रथम, अंश ने द्वितीय और माही सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। रंगोली प्रतियोगिता में ऋतु राजवाड़े प्रथम, नंदिनी तिवारी द्वितीय और श्रेया मिश्रा तृतीय रहीं। वहीं निबंध प्रतियोगिता में अंश ने प्रथम स्थान हासिल किया। विजेताओं को थाना प्रभारी द्वारा मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।

पुलिस ने इस अवसर पर लोगों को यह भी जानकारी दी कि नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त, तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मानस पोर्टल टोल फ्री नंबर 1933, पुलिस कंट्रोल रूम या नजदीकी थाने को दी जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है।

कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष परमेश्वरी राजवाड़े, पार्षद लक्ष्मी महतो, पुलिस अधिकारी, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। सूरजपुर पुलिस का “अभियान नवजीवन” इसी सोच को आगे बढ़ा रहा है, जहां बच्चे स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लेकर बदलाव के वाहक बन रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों