जिले के स्कूलों में पहुंची गरियाबंद पुलिस, विद्यार्थियों को कानून, साइबर सुरक्षा और नशे के खिलाफ किया जागरूक
गरियाबंद। सामुदायिक पुलिसिंग अभियान “मिशन जन मित्र” के तहत गरियाबंद पुलिस लगातार जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में छात्र-छात्राओं को कानून, सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए।
थाना गरियाबंद क्षेत्र अंतर्गत पूर्व माध्यमिक शाला डाकबंगला तथा थाना राजिम क्षेत्र के ग्राम किरवई स्थित संत कवि पवन दीवान हायर सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों के लिए विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को आधुनिक चुनौतियों, साइबर अपराध, यातायात सुरक्षा और महिला सुरक्षा संबंधी कानूनों की जानकारी देना था।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए। छात्रों को समझाया गया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी या पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें तथा सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारी के साथ करें। डिजिटल युग में बढ़ रहे ऑनलाइन फ्रॉड और साइबर ठगी के मामलों को देखते हुए विद्यार्थियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई।
यातायात सुरक्षा को लेकर भी विस्तृत जानकारी दी गई। बच्चों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, सड़क संकेतों का पालन करने और सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही नशे के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाने का संकल्प दिलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि उसके भविष्य और परिवार पर भी गंभीर असर डालता है।

महिला सुरक्षा और छात्राओं के अधिकारों पर विशेष चर्चा करते हुए पुलिस टीम ने अभिव्यक्ति ऐप की उपयोगिता बताई तथा इसके माध्यम से आपात स्थिति में सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई। छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों और किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके अलावा विद्यार्थियों को डायल-112 आपातकालीन सेवा की जानकारी देते हुए बताया गया कि किसी भी संकट की स्थिति में पुलिस, एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड की सहायता के लिए इस सेवा का उपयोग किया जा सकता है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से होने वाले खतरों के बारे में भी छात्रों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण के विचारों को याद करते हुए विद्यार्थियों को जिम्मेदार, जागरूक और कानून का सम्मान करने वाला नागरिक बनने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
