मंडला में गूंजा नशामुक्ति का संदेश, स्वैच्छिकता पर्व के तहत युवाओं ने ली नशा छोड़ने की शपथ
मंडला। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद् के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित स्वैच्छिकता पर्व के अंतर्गत मंडला विकासखंड में नशामुक्ति जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद् और सामाजिक न्याय विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं और आमजन को नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।

रानी दुर्गावती महाविद्यालय, मंडला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान रैली और संगोष्ठी के माध्यम से विद्यार्थियों एवं नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया। वक्ताओं ने नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में विकासखंड समन्वयक श्री संतोष कुमार झारिया ने छात्र-छात्राओं एवं प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से अपने परिवार, मित्रों और समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।
इस अवसर पर परिषद् के अधिकारियों, परामर्शदाताओं तथा बीएसडब्ल्यू और एमएसडब्ल्यू के विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए नशामुक्त और जागरूक समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा।
