‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से गूंजा मंडला, जन अभियान परिषद् स्थापना दिवस पर विद्यार्थियों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
मंडला। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद् के स्थापना दिवस के अवसर पर रानी दुर्गावती शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बड़ीखैरी में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। समाजकार्य के विद्यार्थियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।

यह कार्यक्रम परिषद् के स्थापना दिवस और स्वैच्छिकता पर्व के अंतर्गत आयोजित किया गया। 4 जुलाई से 12 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, सामाजिक समरसता और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इस दौरान नागरिकों से पौधारोपण और स्वच्छता अभियानों में सक्रिय भागीदारी की अपील भी की गई।
कार्यक्रम में परिषद् के प्रतिनिधियों ने बताया कि जिले के विभिन्न विकासखंडों में समाजकार्य के स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। साथ ही नवांकुर संस्थाओं और ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी लगातार काम किया जा रहा है।
महाविद्यालय के प्राचार्य ने जन अभियान परिषद् की भूमिका की सराहना करते हुए इसे शासन और समाज के बीच मजबूत सेतु बताया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित विद्यार्थियों एवं प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प दिलाया गया।
