मंडला में बाढ़ का खतरा बढ़ते ही प्रशासन अलर्ट, एसडीएम ने घाटों का किया निरीक्षण
मंडला। जिले में लगातार हो रही बारिश और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में एसडीएम श्रीमती सोनल सिडाम ने रंगरेजघाट और सहस्त्रधारा घाट का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने घाटों पर मौजूद सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
प्रशासन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नदी-नालों और घाटों के आसपास लगातार निगरानी रखी जाए तथा जलस्तर बढ़ने की स्थिति में आमजन की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम तुरंत उठाए जाएं। साथ ही लोगों को जोखिम वाले क्षेत्रों से दूर रहने के लिए लगातार जागरूक करने के भी निर्देश दिए गए।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी, नालों और घाटों के पास अनावश्यक रूप से न जाएं तथा प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देकर सहयोग करें।
