ऑपरेशन प्रहार 2.0: रीवा पुलिस ने ₹10 करोड़ की MD ड्रग्स पकड़ी, 2 तस्कर गिरफ्तार
रीवा। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार 2.0 के तहत रीवा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना गढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ग्राम सोनवर्षा क्षेत्र से 3.087 किलोग्राम अवैध MD ड्रग्स बरामद की है, जिसकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत करीब ₹10 करोड़ बताई जा रही है।
पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मादक पदार्थ जब्त किया है। आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ऑपरेशन प्रहार 2.0 के अंतर्गत जिले में नशे के कारोबार से जुड़े नेटवर्क पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी अभियान के तहत मिली सूचना पर कार्रवाई करते हुए यह बड़ी सफलता हासिल हुई।
रीवा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
