NDRF और कोंडागांव पुलिस ने छात्रों को सिखाए आपदा से बचाव के गुर, स्कूल में चला विशेष जागरूकता अभियान
कोंडागांव। विद्यार्थियों को आपदाओं के दौरान सुरक्षित रहने और आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए तैयार करने के उद्देश्य से कोंडागांव पुलिस एवं राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) ने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, कोंगुड में स्कूल सुरक्षा एवं आपदा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को भूकंप, आगजनी, बाढ़ तथा अन्य प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के समय घबराने के बजाय सतर्कता बरतने, सुरक्षित निकासी अपनाने और त्वरित बचाव के तरीकों की जानकारी दी। साथ ही प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) और आपातकालीन प्रतिक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव भी साझा किए गए।
इस अवसर पर यातायात पुलिस कोंडागांव और थाना प्रभारी धनोरा भी मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हुए सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार और सड़क सुरक्षा से जुड़ी उपयोगी जानकारियां प्राप्त कीं। कोंडागांव पुलिस ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को सुरक्षा और आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया जाता रहेगा।
