गरियाबंद में स्कूल बसों पर बड़ी कार्रवाई, 18 बसों की जांच में 6 पर जुर्माना, 7 नाबालिग चालक भी पकड़े गए
गरियाबंद। छात्र-छात्राओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गरियाबंद पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न मार्गों एवं निजी स्कूलों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान 18 स्कूल बसों की जांच की गई, जिनमें से 6 बसों पर मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत चालानी कार्रवाई की गई।

पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के विशेष निर्देशन में संचालित इस अभियान के तहत श्रद्धा पब्लिक स्कूल, द्रोणाचार्य पब्लिक स्कूल और एंग्लो एंजल्स पब्लिक स्कूल की बसों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान बसों के फिटनेस प्रमाणपत्र, अग्निशमन यंत्र, सुरक्षा उपकरण और अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया गया।
निरीक्षण में कुछ बसों के फिटनेस सर्टिफिकेट की अवधि समाप्त पाई गई, जबकि कई बसों में लगे अग्निशमन यंत्र भी एक्सपायर मिले। इन कमियों पर परिवहन विभाग ने मौके पर ही संबंधित बसों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की।
अभियान के दौरान सड़क पर वाहन चलाते हुए 7 नाबालिग स्कूली छात्र भी पाए गए। यातायात पुलिस ने उनके विरुद्ध एमवी एक्ट के तहत नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अभिभावकों से बच्चों को वाहन न सौंपने की अपील की।
गरियाबंद पुलिस और परिवहन विभाग ने सभी स्कूल प्रबंधन से स्कूल वाहनों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही अभिभावकों से आग्रह किया गया है कि वे नाबालिग बच्चों को किसी भी परिस्थिति में दोपहिया या चारपहिया वाहन चलाने के लिए न दें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसे संयुक्त निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
