सजग कोरबा–अलर्ट कोरबा अभियान: दो दिवसीय विशेष वाहन चेकिंग में 60 ड्रंक एंड ड्राइव चालक पकड़े गए

0

कोरबा। सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस ने “सजग कोरबा–अलर्ट कोरबा” अभियान के तहत जिलेभर में दो दिवसीय विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सभी थाना एवं यातायात इकाइयों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए।

अभियान के दौरान जिले के प्रमुख चौक-चौराहों, राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष जांच प्वाइंट बनाए गए। पुलिस टीमों ने वाहन दस्तावेज, ड्राइविंग लाइसेंस, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग, नंबर प्लेट, मॉडिफाइड वाहनों सहित अन्य यातायात नियमों की गहन जांच की। साथ ही ब्रीथ एनालाइजर की सहायता से शराब पीकर वाहन चलाने वालों की भी जांच की गई।

विशेष अभियान में 60 वाहन चालकों के शराब के नशे में वाहन चलाते पाए जाने पर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। वहीं 5 नाबालिग चालकों के परिजनों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की गई। इसके अलावा 8 मॉडिफाइड वाहनों तथा नो पार्किंग में खड़े 27 वाहनों पर भी चालानी कार्रवाई की गई।

कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी केवल चालक ही नहीं बल्कि अन्य राहगीरों की जान भी खतरे में डालती है।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि कभी भी शराब पीकर वाहन न चलाएं, नाबालिगों को वाहन न दें, वाहनों में अवैध मॉडिफिकेशन न कराएं तथा निर्धारित मानकों के अनुसार नंबर प्लेट का ही उपयोग करें। सुरक्षित यातायात के लिए सभी नागरिकों का सहयोग आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों