कांकेर पुलिस की डिजिटल पहल, 183 MDT डिवाइस से अब होगी तेज और पारदर्शी अपराध विवेचना
कांकेर। नवीन आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस ने डिजिटल पुलिसिंग की ओर एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। पुलिस अधीक्षक श्री निखिल कुमार राखेचा के मार्गदर्शन में जिले के थाना एवं चौकी प्रभारियों को 183 मोबाइल डाटा टर्मिनल (MDT) डिवाइस वितरित किए गए हैं, जिससे अपराध विवेचना पहले से अधिक आधुनिक, पारदर्शी और त्वरित होगी।

इन आधुनिक डिवाइसों के माध्यम से विवेचक अब घटनास्थल से ही साक्ष्य, फोटो, वीडियो और गवाहों के बयान सीधे ऑनलाइन अपलोड कर सकेंगे। इससे डिजिटल साक्ष्यों की सुरक्षा सुनिश्चित होने के साथ-साथ विवेचना की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा।
इस पहल के तहत पुलिस अधिकारियों और विवेचकों को ‘ई-साक्ष्य’ प्रणाली पर विशेष तकनीकी प्रशिक्षण भी दिया गया है। प्रशिक्षण के माध्यम से उन्हें साइबर अपराधों की जांच, डिजिटल साक्ष्यों के सुरक्षित संकलन और आधुनिक तकनीकों के प्रभावी उपयोग के लिए दक्ष बनाया गया है।
नई व्यवस्था से वरिष्ठ अधिकारी रियल-टाइम में विवेचना की निगरानी कर सकेंगे, जिससे अनावश्यक देरी कम होगी और मामलों का समयबद्ध निष्पादन संभव हो सकेगा। इससे पीड़ितों को भी शीघ्र न्याय मिलने में मदद मिलेगी।
पुलिस अधीक्षक श्री निखिल कुमार राखेचा ने कहा कि आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग ही बेहतर पुलिसिंग, प्रभावी विवेचना और अपराधियों के विरुद्ध मजबूत अभियोजन की आधारशिला है। कांकेर पुलिस आगे भी तकनीक आधारित पुलिसिंग को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास करती रहेगी।
