राजनांदगांव पुलिस का शहरभर में कॉम्बिंग पेट्रोल अभियान, असामाजिक तत्वों पर कसी शिकंजा
राजनांदगांव। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देश पर राजनांदगांव पुलिस ने शहर में व्यापक कॉम्बिंग पेट्रोल अभियान चलाकर असामाजिक एवं आपराधिक तत्वों पर सख्त निगरानी रखी। अभियान का उद्देश्य कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना और अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना रहा।
अभियान के दौरान 110 पुलिसकर्मियों की चार विशेष टीमों ने शहर के कोतवाली, बसंतपुर, लालबाग और चौकी चिखली क्षेत्र में सघन जांच और सत्यापन अभियान चलाया। पुलिस ने 89 निगरानीशुदा बदमाशों, गुंडा सूची में दर्ज व्यक्तियों एवं अन्य असामाजिक तत्वों की गहन जांच-पड़ताल की।

टीमों ने घर-घर पहुंचकर संबंधित व्यक्तियों का सत्यापन किया और उन्हें भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि से दूर रहने की सख्त समझाइश दी। साथ ही शराब के नशे में विवाद या कानून-व्यवस्था भंग करने जैसी घटनाओं से बचने की चेतावनी भी दी गई।

राजनांदगांव पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में शांति और सुरक्षा व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि शहर में अपराध नियंत्रण और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
