‘आगाज़’ अभियान में सुकमा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10.7 किलो गांजा के साथ 2 तस्कर गिरफ्तार

0
748585470_1347218410917071_5386806342601810571_n

सुकमा। सुकमा पुलिस ने ‘आगाज़’ अभियान के तहत अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल की है। थाना कोंटा पुलिस ने ओडिशा से तेलंगाना ले जाए जा रहे 10.700 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा और परिवहन में प्रयुक्त होंडा एक्टिवा स्कूटी सहित कुल 6.73 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।

पुलिस अधीक्षक श्री मयंक गुर्जर (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री रोहित शाह (IPS) एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोंटा श्री मनोज तिर्की के मार्गदर्शन में जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘आगाज़’ के तहत यह कार्रवाई की गई।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति बिना नंबर प्लेट की काले रंग की होंडा एक्टिवा स्कूटी से ओडिशा के मलकानगिरी (एमवी-72) से गांजा लेकर कोंटा होते हुए तेलंगाना जा रहे हैं। सूचना पर एसडीओपी डॉ. प्रशांत देवांगन एवं थाना प्रभारी शिवानंद तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कृष्णा मंदिर चौक ढोढरा मार्ग पर घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान अमीन बसीर शाह (39 वर्ष) निवासी रंगारेड्डी, तेलंगाना एवं वी. नरेश (22 वर्ष) निवासी रंगारेड्डी, तेलंगाना के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उनके पास रखी बोरी से 10.700 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 5.35 लाख रुपये है, बरामद किया गया। साथ ही परिवहन में प्रयुक्त होंडा एक्टिवा स्कूटी भी जब्त की गई। कुल जब्ती का मूल्य 6.73 लाख रुपये आंका गया है।

इस मामले में थाना कोंटा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख)(2)(ख) के तहत अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस अधीक्षक श्री मयंक गुर्जर (IPS) ने कहा कि ‘आगाज़’ अभियान के तहत अवैध मादक पदार्थों के निर्माण, परिवहन, बिक्री और तस्करी के खिलाफ सुकमा पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों, विशेषकर युवाओं से नशे से दूर रहने तथा अवैध मादक पदार्थों से जुड़ी किसी भी सूचना पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों