घने अंधेरे और मूसलाधार बारिश में गिधौरी पुलिस का साहसी रेस्क्यू, ट्रक हादसे में फंसे चालकों को सुरक्षित निकाला

0

बलौदाबाजार। मूसलाधार बारिश और घने अंधेरे के बीच गिधौरी पुलिस, हाईवे पेट्रोलिंग और डायल-112 की टीम ने साहस और तत्परता का परिचय देते हुए एक बड़े सड़क हादसे में फंसे ट्रक चालकों की जान बचाई। गिधौरी-कसडोल मार्ग पर नवापारा धमलपुर के पास दो भारी ट्रकों की भीषण टक्कर के बाद केबिन में फंसे चालकों को सुरक्षित बाहर निकालकर तत्काल राहत पहुंचाई गई।

जानकारी के अनुसार, सड़क किनारे पहले से खराब खड़े एक ट्रक को पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के समय तेज बारिश और अंधेरा होने के कारण स्थिति बेहद चुनौतीपूर्ण थी। सूचना मिलते ही गिधौरी पुलिस, हाईवे पेट्रोलिंग और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

पुलिस जवानों ने पूरी सतर्कता के साथ केबिन में फंसे चालकों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया था, जिसे पुलिस ने क्रेन की मदद और प्रशासनिक सूझबूझ से हटवाकर यातायात को जल्द सामान्य कराया।

गिधौरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई और समन्वित रेस्क्यू ऑपरेशन की स्थानीय लोगों ने सराहना की। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि बारिश के मौसम में सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं, सुरक्षित दूरी बनाए रखें और सड़क पर खराब खड़े वाहनों के पास विशेष सतर्कता बरतें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों