नारायणपुर में नक्सलियों के मंसूबों पर बड़ा प्रहार, जंगल से हथियारों का डंप बरामद
नारायणपुर। नारायणपुर पुलिस और 58वीं वाहिनी बीएसएफ की संयुक्त टीम ने नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए थाना कोहकामेटा क्षेत्र के कच्चापाल जंगल से नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया हथियारों का डंप बरामद किया है। सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई को नक्सलियों के नेटवर्क पर एक बड़ा झटका माना जा रहा है।
संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने जंगल में छिपाकर रखे गए हथियारों और अन्य युद्ध सामग्री को बरामद किया। बरामद सामग्री में .303 रायफल, .315 रायफल, स्थानीय निर्मित बैरल लॉन्चर, जीवित कारतूस सहित अन्य हथियार संबंधी सामग्री शामिल है।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में लगातार चलाए जा रहे सघन नक्सल विरोधी अभियानों के तहत यह सफलता मिली है। सुरक्षा बलों की सतर्कता और लगातार दबाव के कारण नक्सलियों के हथियार, संसाधन और गतिविधियों को लगातार निष्प्रभावी किया जा रहा है।
नारायणपुर पुलिस ने बताया कि जिले में शांति, सुरक्षा और विकास सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस एवं सुरक्षा बलों द्वारा संयुक्त अभियान लगातार जारी रहेगा। नक्सलियों के संसाधनों को नष्ट करने और क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए आगे भी प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
