ग्वालियर पुलिस का नशामुक्ति अभियान तेज, महाराज बाड़ा के फुटपाथ दुकानदारों को किया जागरूक

0

ग्वालियर। मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार संचालित “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत ग्वालियर पुलिस ने महाराज बाड़ा क्षेत्र में विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान थाना कोतवाली पुलिस ने फुटपाथ पर व्यवसाय करने वाले दुकानदारों से संवाद कर उन्हें नशे के दुष्प्रभावों और समाज में नशामुक्ति की आवश्यकता के बारे में जागरूक किया।

कार्यक्रम में थाना प्रभारी कोतवाली श्री विनोद विनायक करके ने दुकानदारों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार, व्यवसाय और सामाजिक जीवन पर गंभीर प्रभाव डालता है। उन्होंने सभी से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने परिवार, कर्मचारियों तथा आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने की अपील की।

पुलिस ने दुकानदारों को यह भी समझाया कि यदि उनके आसपास कहीं अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी या नशे से जुड़ी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

जागरूकता अभियान के दौरान करीब 50 दुकानदारों और आम नागरिकों ने नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने का संकल्प लिया। ग्वालियर पुलिस ने संदेश दिया कि “स्वस्थ समाज की पहचान, नशामुक्त हो हर इंसान” और भविष्य में भी विभिन्न वर्गों के बीच ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हो सकता है आप चूक गए हों